बीकानेर। शहर के पूगल रोड स्थित शोभासर के पास दिनदहाड़े चलती कार पर कथित फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कैंपर सवार लोगों पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में रामपुरा बस्ती निवासी मंजूर अली ने बताया कि 19 जुलाई की दोपहर वह अपने साथी सुल्तान व अन्य लोगों के साथ स्विफ्ट कार में पूगल रोड से गुजर रहे थे। कार सुल्तान चला रहा था। इसी दौरान आगे चल रही एक कैंपर गाड़ी में सवार लोगों ने कथित रूप से उनकी कार पर फायरिंग कर दी। परिवादी के अनुसार कैंपर में सवार बुधराम बिश्नोई और उसके अन्य साथियों ने जान से मारने की नीयत से दोनाली बंदूक से गोली चलाई। उनका दावा है कि गोली कार की ओर दागी गई, लेकिन सभी कार सवार बाल-बाल बच गए। यदि थोड़ी भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से भी फायरिंग की। उन्होंने यह भी दावा किया है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौजूद है, जिसे पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा।पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।














