

बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आठ-दस बदमाशों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार चौपड़ा बाड़ी निवासी परमेश्वर सोनी ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि 13 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे वह कोचर सर्किल स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा था। इसी दौरान उसकी बहन के ससुराल पक्ष से जुड़े कुछ लोग अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों सहित अन्य हथियारों से परमेश्वर पर हमला कर दिया। रिपोर्ट में बनवारीलाल सोनी, प्रवीण सोनी, जैकी सोनी, गणेश सोनी, ऋतिक सोनी और दीपू सोनी सहित 10 से 15 लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। हमले में परमेश्वर के सिर, आंख और पैरों में चोटें आई हैं। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसका एप्पल आईफोन 15 प्लस भी तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने युवक का मेडिकल परीक्षण करवाया। पुलिस के अनुसार उसकी दाहिनी आंख के पास चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। गंगाशहर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










