
स्मैक तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 609 पुड़ियां बरामद, 58 ग्राम स्मैक जब्त
बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ अभियान के तहत यह कार्रवाई नोखा सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में की गई।
जानकारी के अनुसार सीआई अरविंद भारद्वाज के निर्देश पर पुलिस टीम ने एक किराए के मकान पर छापा मारकर 609 पुड़ियों में भरी स्मैक बरामद की। पुड़ियों को खाली करवाने पर कुल 58 ग्राम स्मैक जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी छोटी-छोटी पुड़ियों में स्मैक भरकर 1000 से 2000 रुपये प्रति पुड़ी के हिसाब से बेचता था।
कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर मोहनलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने रामस्वरूप बिश्नोई निवासी मोहनपुरा बास को गिरफ्तार किया। आरोपी नोखा में किराए के मकान में रहकर स्मैक की खरीद-फरोख्त का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल सतीश, मोहरसिंह तथा कांस्टेबल पवन और संजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य विधिसम्मत धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।
पुलिस अब गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर स्मैक सप्लाई नेटवर्क और नशा खरीदने-बेचने वाले अन्य लोगों की पहचान व तलाश में जुटी हुई है।









