बीकानेर। जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने और मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पहली बार पांच स्थायी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (एफएसओ) की नियुक्ति की गई है। 14 अगस्त को जारी आदेश के बाद निशांत चारण, महावीर मेघवाल, सोना रानी, ममता सोंग्रा और इन्द्रप्रकाश ढ़ाका ने बीकानेर जिले में कार्यभार संभाल लिया है। स्थायी अधिकारियों की नियुक्ति से जिले की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण तथा खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई में तेजी आएगी।
राज्य सरकार के मिलावट विरोधी अभियान के तहत मिलावटखोरों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई भी संभव होगी। बाजारों, होटल-रेस्टोरेंट और खाद्य निर्माण इकाइयों पर निगरानी बढ़ने से आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
बीकानेर में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, पहली बार पांच स्थायी एफएसओ नियुक्त








