बीकानेर। शहर के भीनासर इलाके में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चेक क्लियरेंस की जानकारी लेने के लिए गूगल पर बैंक मैनेजर का मोबाइल नंबर तलाशना एक व्यवसायी को भारी पड़ गया। खुद को बैंक कर्मचारी बताने वाले साइबर ठग ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर व्यवसायी के मोबाइल का कंट्रोल हासिल कर लिया और महज दो मिनट में उसके बैंक खाते से दो लाख रुपए निकाल लिए।
जानकारी के अनुसार, भीनासर के ब्राह्मणों का मोहल्ला निवासी व्यवसायी लक्ष्मीनारायण शर्मा ने 7 अक्टूबर को बैंक में चेक लगाया था। 9 अक्टूबर को बैंक में संपर्क करने पर उन्हें पता चला कि चेक अभी क्लियर नहीं हुआ है। इसके बाद उन्होंने चेक क्लियरेंस की स्थिति जानने के लिए गूगल पर बैंक मैनेजर का मोबाइल नंबर तलाशा।
गूगल पर मिले एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर पहले फोन का जवाब नहीं मिला, लेकिन कुछ देर बाद सामने वाले व्यक्ति ने खुद फोन किया। उसने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए व्यवसायी से बातचीत की और चेक क्लियरेंस की जानकारी देने के नाम पर उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक भेज दिया।
लिंक खोलते ही ठग के हाथ में पहुंचा मोबाइल का कंट्रोल
व्यवसायी ने जैसे ही लिंक खोला, साइबर ठग ने उनके मोबाइल का कंट्रोल हासिल कर लिया। ठग के बताए अनुसार व्यवसायी ने चेक क्लियरेंस से संबंधित शिकायत दर्ज करने के लिए अपने बैंक खाते का नंबर, यूजरनेम और पासवर्ड भी दर्ज कर दिए। कुछ देर बाद उन्हें संदेह हुआ, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
साइबर ठग ने महज दो मिनट के भीतर खाते से दो बार में एक-एक लाख रुपए निकाल लिए। खाते से रकम निकलने के मैसेज मिलने पर व्यवसायी को ठगी का पता चला। उन्होंने बैंकिंग ऐप खोलने का प्रयास किया, लेकिन ऐप पहले से लॉगिन होने के कारण मोबाइल पर नहीं खुल पाया।
बैंक पहुंचकर खाता कराया होल्ड, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद व्यवसायी बैंक पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर अपना खाता होल्ड कराया। इसके बाद साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई गई। मामले में साइबर थाने में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की गई, जो जांच के लिए गंगाशहर थाने पहुंची।
गंगाशहर थाने के एएसआई ओमप्रकाश को मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खाते से निकाली गई दो लाख रुपए की रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
बीकानेर में साइबर ठगी: बैंक मैनेजर बनकर भेजा लिंक, दो मिनट में खाते से उड़ाए 2 लाख रुपए





