बीकानेर। माहेश्वरी समाज का उत्पत्ति दिवस महेश नवमी उत्सव-2026 इस वर्ष 23 जून को बीकानेर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उत्सव की तैयारियों को लेकर श्रीकृष्ण माहेश्वरी मंडल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण राठी ने की।

बैठक में बताया गया कि महेश नवमी के अवसर पर पूरे दिन विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे मरूनायक मोहता चौक स्थित मंडल कार्यालय में भगवान महेश की पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद मरूनायक मंदिर में कलम, दवात एवं तराजू पूजन तथा बिन्नाणी बगेची में भगवान शिव का अभिषेक एवं आरती का आयोजन किया जाएगा।
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि सायं 5:15 बजे डागा चौक स्थित महेश भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक एवं जनजागरूकता झांकियां शामिल रहेंगी। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गजनेर रोड स्थित लक्ष्मी हैरिटेज पहुंचेगी।
उत्सव के तहत रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा तथा सामूहिक महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंडल की ओर से कार्यक्रम में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए डोर-टू-डोर संपर्क अभियान और सोशल मीडिया प्रचार भी किया जा रहा है।
महेश नवमी उत्सव से पूर्व 18 से 20 जून तक महेश भवन में श्री माहेश्वरी महिला समिति के तत्वावधान में चिकित्सा एवं मेडिटेशन योग शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं 21 जून को मोहता जसवंत भवन में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मंडल पदाधिकारियों ने समाज के सभी बंधुओं से कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।








