बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र के मान्याणा गांव में ट्यूबवेल चालू करते समय करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा 27 अगस्त को हुआ। पुलिस के अनुसार मान्याणा निवासी प्रेम कुमार ने थाने में रिपोर्ट देकर मर्ग दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि वह अपने भाई उम्मेदाराम के साथ गांव में ट्यूबवेल बनाकर कृषि कार्य करता है। 27 अगस्त को ट्यूबवेल चालू करते समय उम्मेदाराम अचानक करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर नोखा पुलिस पीबीएम अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग दर्ज कर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।









