बीकानेर। बीकानेर मंडल ने रेल परिचालन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 27 सितंबर 2026 को मंडल ने एक ही दिन में 182 ट्रेनों का सफल इंटरचेंज कर अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के निर्देशन में सभी विभागों के बेहतर समन्वय और रेल कर्मचारियों की कर्मठता के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई। एक दिन में हुए कुल 182 इंटरचेंज में 86 ट्रेनों को मंडल से पास आउट किया गया, जबकि 96 ट्रेनों को मंडल में रिसीव (इन) किया गया। इससे पहले 5 अगस्त को 172 ट्रेनों का इंटरचेंज किया गया था। ऐसे में 27 सितंबर का नया आंकड़ा मंडल के परिचालन प्रदर्शन में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस रिकॉर्ड प्रदर्शन में परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक, वाणिज्य और सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल की अहम भूमिका रही। लगातार निगरानी और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता से ट्रेनों का संचालन सुचारू बना रहा। बेहतर ट्रेन संचालन और निर्बाध इंटरचेंज से ट्रेनों की समयपालनता में सुधार हुआ है। इससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिली है तथा ट्रेनों के निर्धारित समय पर गंतव्य तक पहुंचने की संभावना बेहतर हुई है।
इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने सभी रेल कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। 182 ट्रेनों का इंटरचेंज बीकानेर मंडल की परिचालन क्षमता, टीमवर्क और बेहतर प्रबंधन का नया उदाहरण बनकर सामने आया है।








