बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हरियासर गांव स्थित जीएसएस में सोमवार दोपहर ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। ग्रामीण सुधीर नाई के अनुसार, आग लगने के बाद ट्रांसफार्मर से बड़ी मात्रा में ऑयल का रिसाव होने लगा, जिससे आग की लपटें और तेज हो गईं। घटना से जीएसएस परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण पानी के टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना पर लूणकरणसर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।







