बीकानेर। नगर निगम चुनाव-2026 में सभी 80 वार्डों के परिणाम घोषित हो गए हैं। चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। बहुमत के लिए 41 पार्षदों की जरूरत थी, ऐसे में कांग्रेस ने बहुमत के आंकड़े से एक सीट अधिक हासिल की है। इसके साथ ही नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय हो गया है। चुनाव में भाजपा को 27 सीटों पर जीत मिली। वहीं 10 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने एक सीट जीतकर नगर निगम में अपना खाता खोला।
कांग्रेस और भाजपा के बीच जीत का अंतर 15 सीटों का रहा। निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कई वार्डों में प्रमुख दलों के चुनावी समीकरण प्रभावित किए।
कांग्रेस खेमे में जश्न, समर्थकों ने मनाई जीत
अंतिम परिणाम सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शहर के अलग-अलग इलाकों में समर्थकों ने नारेबाजी और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
अब महापौर की कुर्सी पर नजर
कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब महापौर पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के भीतर संभावित महापौर के नाम को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पार्टी किस निर्वाचित पार्षद को महापौर पद का उम्मीदवार बनाएगी, इस पर आने वाले दिनों में तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
बीकानेर नगर निगम चुनाव 2026 : सीटों का गणित
कांग्रेस – 42
भाजपा – 27
निर्दलीय – 10
रालोपा – 1
कुल वार्ड – 80
बहुमत का आंकड़ा – 41








