बीकानेर। कोटगेट थाना क्षेत्र में विभिन्न सुरक्षा और जांच एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में संदिग्ध एम्बरग्रीस बरामद की है। कार्रवाई में करीब 550 ग्राम पदार्थ जब्त किया गया है, जिसकी प्रारंभिक अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मिलिट्री इंटेलिजेंस, सीआईडी-सीबी और कोटगेट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें दो नाबालिग हैं, जबकि एक आरोपी बालिग बताया जा रहा है। तीनों के महाराष्ट्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उस समय की गई जब संदिग्ध एम्बरग्रीस की सप्लाई की कोशिश की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में इसके तार मुंबई और उत्तर प्रदेश तक जुड़े होने की बात सामने आई है। अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पदार्थ बीकानेर तक किसके जरिए पहुंचा और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
क्या है एम्बरग्रीस?
एम्बरग्रीस स्पर्म व्हेल से संबंधित एक बेहद दुर्लभ मोमी पदार्थ है। आम बोलचाल में इसे ‘व्हेल की उल्टी’ कहा जाता है। इसका इस्तेमाल पारंपरिक रूप से महंगे परफ्यूम और इत्र उद्योग में सुगंध को लंबे समय तक बनाए रखने वाले पदार्थ के तौर पर किया जाता रहा है। बीकानेर समुद्र से काफी दूर है। ऐसे में यहां इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध एम्बरग्रीस का मिलना जांच एजेंसियों के लिए अहम सवाल बन गया है।
सीओ सिटी अनुज डाल के अनुसार, आरोपी रत्नागिरी से निकले थे। सूचना मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई कर पदार्थ जब्त किया। करीब 550 ग्राम संदिग्ध एम्बरग्रीस की कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में पहले सैंपल भी भेजा गया था और अब सप्लाई के दौरान आरोपियों को पकड़ा गया है।
बीकानेर में 70 लाख की ‘व्हेल की उल्टी’! गुप्त डील से पहले एजेंसियों ने दबोचे तीन







