
आखिर 23 दिनों से लापता नरेश सोनी का शव मिला नहर में, परिवार में शोक की लहर
बीकानेर। खाजूवाला के वार्ड नंबर 17 निवासी नरेश सोनी, जो पिछले 23 दिनों से लापता था, उसका शव मंगलवार को इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) की आरडी 750 के पास नहर में मिला। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार नरेश सोनी के लापता होने के बाद से परिवारजन और पुलिस टीम लगातार नहर क्षेत्र में उनकी तलाश कर रहे थे। इससे पहले 31 मई को आईजीएनपी नहर की आरडी 685 के पास उनके कपड़े और बैग बरामद हुए थे, जिसके बाद तलाश अभियान और तेज कर दिया गया था।
मंगलवार को आरडी 750 के पास नहर में शव मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।












