
बीकानेर में दर्दनाक सड़क हादसा: मन्नत पूरी होने से पहले टूटी खुशियां, दो की मौत, चार घायल
बीकानेर, 22 जून। बीकानेर के कोड़मदेसर रोड पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार अपने रिश्तेदार के स्वास्थ्य में सुधार होने और पीबीएम अस्पताल के आईसीयू से सामान्य वार्ड में शिफ्ट किए जाने के बाद बाबा भैरूनाथ के दर्शन एवं धोक लगाने के लिए रवाना हुआ था। परिवार मन्नत पूरी होने की खुशी में निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया।
हादसे में घनश्याम भादाणी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार की स्नेहा, आरती, महक और राजेश घायल हो गए। घायलों को बैंककर्मी रमाकांत और मनोज किराडू की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक पैदल जा रहे परिवार में घुस गई। हादसे में बाइक सवार मिहिर जैन की भी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में सहयोग किया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।











