बीकानेर। शहर के खेल इतिहास में कल से एक बड़ा आयोजन जुड़ने जा रहा है। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में 12 से 14 नवंबर तक 42वीं राजस्थान राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप आयोजित होगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 200 से अधिक मुक्केबाज इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के लिए अधिकांश टीमें बीकानेर पहुंच चुकी हैं।प्रतियोगिता का शुभारंभ 12 नवंबर को सुबह 11:15 बजे होगा। समारोह में जिला कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा और नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राजस्थान बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, सचिव डॉ. नरेंद्र कुमार निर्वाण और अंतरराष्ट्रीय अधिकारी विशाल कुमार निर्वाण भी मौजूद रहेंगे।
प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ियों के साथ राष्ट्रीय पदक विजेता और खेलो इंडिया यूथ व यूनिवर्सिटी गेम्स के पदक विजेता मुक्केबाज भी हिस्सा लेंगे। ऐसे में रिंग में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजन सचिव राजेन्द्र सिंह राठौड़ के अनुसार आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मुक्केबाजों को 21 से 27 दिसंबर तक पटना में होने वाली 10वीं एलीट पुरुष राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में खेलने का मौका मिलेगा। बीकानेर में पहली बार इस स्तर की सीनियर पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता होने से स्थानीय खिलाड़ियों में भी उत्साह है। प्रदेश के नामी मुक्केबाजों को खेलते देखने का अवसर शहर की नई खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।














