बीकानेर। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के मोमासर गांव में खेत की बाड़ में छोड़े गए कथित अवैध बिजली के करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मोमासर निवासी ताराचंद पुत्र नोरताराम मेघवाल (30) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 जून 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे उसकी पत्नी सीलूदेवी खेत में गई थी। आरोप है कि खेत में आवारा पशुओं को रोकने के लिए बाड़ में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। जैसे ही सीलूदेवी खेत की बाड़ के संपर्क में आई, वह करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिवादी ने आरोप लगाया कि मोमासर निवासी लूणाराम पुत्र भैराराम ने अपने खेत की बाड़ में अवैध रूप से बिजली का करंट छोड़ रखा था, जिससे यह हादसा हुआ। श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।














