बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम के जनाना वार्ड में बुधवार को एक गंभीर लापरवाही सामने आई। प्रसूता वार्ड में भर्ती एक महिला के बेड पर अचानक छत का पंखा गिर पड़ा। गनीमत रही कि समय रहते परिजनों की सतर्कता से नवजात बच्ची और प्रसूता दोनों सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, महिला ने बुधवार दोपहर सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए एक बेटी को जन्म दिया था। ऑपरेशन के बाद उसे जनाना वार्ड में भर्ती किया गया। कुछ देर बाद जब वह अपनी नवजात बच्ची के साथ बेड पर आराम कर रही थी, तभी छत पर लगा पंखा अचानक टूटकर सीधे बेड पर आ गिरा।
मौके पर मौजूद परिजन गीता देवी ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए नवजात बच्ची को अपने हाथों से ढक लिया। उनकी तत्परता के चलते बच्ची पूरी तरह सुरक्षित रही। हालांकि पंखा गिरने से गीता देवी के हाथों में हल्की चोटें आईं। घटना के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती जाती तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था। फिलहाल इस घटना ने पीबीएम अस्पताल में भवन और उपकरणों के रखरखाव तथा मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है।







