बीकानेर। कोटगेट थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहा था। इसके लिए अन्य लोगों के बैंक खातों के कथित इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से एक लैपटॉप, पांच एंड्रॉयड मोबाइल, दो हिसाब-किताब की रजिस्टर/डायरियां, चार मोबाइल चार्जर, दो लाइट प्लग प्लेट और एक लैपटॉप बैग बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान कन्हैया कुमार पुत्र श्यामसुंदर (20), निवासी रीको रोड नंबर-8, हनुमान मंदिर के पास, चौधरी कॉलोनी, बीकानेर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में अलग-अलग मैचों पर सट्टे का संचालन किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस बरामद मोबाइल, लैपटॉप और दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के इस नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हैं और किन बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
बीकानेर में ऑनलाइन सट्टे के खेल पर पुलिस की चोट, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार







