बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सीआईडी इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर एक बांग्लादेशी महिला को डिटेन किया है। महिला की उम्र 27 वर्ष बताई जा रही है और उसकी पहचान नीला के नाम से हुई है। पुलिस के अनुसार महिला पिछले करीब आठ महीने से भारत में रह रही थी। सूचना मिलने के बाद जेएनवीसी थाना पुलिस ने थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए महिला को अपने कब्जे में लिया। डिटेन किए जाने के बाद महिला को सखी सेंटर भेजा गया है। थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां महिला के भारत आने, यहां रहने तथा उसकी गतिविधियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।







