बीकानेर। ब्लॉसम इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर रोड में चल रही 67वीं जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता अंडर-14 के तहत सोमवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। 20 से 23 सितंबर तक आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभावान मुक्केबाज अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा और रोमांच देखने को मिला। कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, जिसके चलते मुकाबले और अधिक चुनौतीपूर्ण नजर आए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सरपंच राजपाल कुल्हरी तथा विशिष्ट अतिथि दयाल सिंह शेखावत, ब्लॉसम इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर प्रदीप सिंह शेखावत, प्रिंसिपल विजय शर्मा, यादवेंद्र सिंह भाटी, शीशपाल सिंह शेखावत, बिशन सिंह बीका एवं अशोक मेघवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान बॉक्सिंग ऑफिशियल्स अनिरुद्ध प्रसाद सिंह यादव, राजेन्द्र सिंह राठौड़, रितेश कुमार, जोगेंद्र सिंह, प्रीति गोदारा, नरेंद्र सिंह शेखावत, वीरेन्द्र सिंह राठौड़ एवं अमजद भाटी ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए खेलप्रेमियों और अतिथियों ने उनका हौसला बढ़ाया। अब प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों में उत्साह बना हुआ है।







