बीकानेर। राजसमंद में 16 सितंबर से आयोजित हो रही योनेक्स सनराइज जूनियर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में बीकानेर की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बीकानेर की काव्या स्वामी ने 19 वर्ष युगल वर्ग में टोंक की शैरील के साथ जोड़ी बनाकर फाइनल मुकाबला खेला। काव्या और शैरील की जोड़ी ने मोक्षिता और तनीषा की जोड़ी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं काव्या स्वामी ने 19 वर्ष एकल वर्ग में भी कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा बीकानेर की एक अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ी जोशीका प्रजापत ने भी एकल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। बीकानेर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गोयल ने प्रेस वार्ता के दौरान खिलाड़ियों की इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बीकानेर की युवा खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है।







