बीकानेर। महाजन-सरदारशहर लिंक रोड पर रविवार को मौसम बिगड़ने के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ढाणी छिल्ला के नजदीक तेज हवाओं के बीच एक बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बस से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शेरपुरा निवासी भगवानदास के पुत्र जगदीश प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जगदीश प्रसाद घर से खेत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोपहर बाद अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और मौसम में बदलाव आया। ढाणी छिल्ला के पास पहुंचते ही बाइक पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और वह सामने आ रही बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जगदीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर महाजन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। ग्रामीणों के अनुसार जगदीश खेत में पड़ी फसल को तेज हवाओं और खराब मौसम से बचाने के लिए उसे ढकने जा रहा था, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।







