बज्जू। पंचायतराज चुनाव की वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी और शिकायत पर सुनवाई नहीं होने से नाराज दो युवक मंगलवार को बज्जू बाजार स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
टंकी पर चढ़ने वाले युवकों की पहचान गज्जेवाला निवासी वीरेंद्र खिचड़ और संदीप खिचड़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक पहले अपनी शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। वहां बहस होने के बाद नाराज होकर दोनों पानी की टंकी पर चढ़ गए।
युवकों का आरोप है कि पंचायतराज चुनाव की वोटर लिस्ट में नए नाम जोड़ने में फर्जीवाड़ा किया गया है और कुछ मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं। दोनों युवक वोटर लिस्ट की जांच कराने और कथित गड़बड़ी के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
युवक संबंधित बीएलओ को हटाने की मांग पर भी अड़े हुए हैं। इस दौरान वे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग दोनों युवकों को लगातार समझाने तथा सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हुए हैं। प्रशासन की ओर से युवकों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप से हंगामा: बज्जू में पानी की टंकी पर चढ़े दो युवक, कार्रवाई की मांग











