बीकानेर में दिखा पीएम मोदी की अपील का असर, अब होगी ऑनलाइन पढ़ाई, पढ़े खबर

On: May 16, 2026 1:07 PM
हमें फॉलो करें:

Whatsapp Channel

Join Now

फेसबुक से जुड़े

Join Now

बीकानेर में दिखा पीएम मोदी की अपील का असर, अब होगी ऑनलाइन पढ़ाई, पढ़े खबर

बीकानेर। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और उससे उत्पन्न वैश्विक अनिश्चितता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का अनुसरण करते हुए महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जारी किए हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार एमजीएसयू में सेमेस्टर प्रणाली लागू होने के कारण गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं, ताकि निर्धारित कालांश पूरे होने के बाद समय पर परीक्षाएं आयोजित करवाई जा सकें। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और अनावश्यक आवागमन भी कम किया जा सके, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प अपनाया गया है।

मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु के इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य ईंधन की बचत और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय आने-जाने के लिए उपयोग में लिए जाने वाले वाहनों तथा निजी परिवहन में लगने वाले ईंधन की खपत कम होगी। इससे आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने केवल विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी सामूहिक परिवहन को बढ़ावा देने की पहल की है। कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने सभी से विश्वविद्यालय आने-जाने के लिए विश्वविद्यालय बसों अथवा साझा वाहनों का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है। इसके साथ ही प्रशासनिक कार्यों को भी अधिकतम डिजिटल माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। मीडिया प्रभारी के अनुसार विश्वविद्यालय के कार्यालयीन कार्य अब राजकाज पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संपादित किए जाएंगे, ताकि कागजी कार्यवाही और अनावश्यक आवागमन को कम किया जा सके।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस पहल से समय, ऊर्जा और संसाधनों की बचत होगी, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी। बदलते वैश्विक हालात के बीच एमजीएसयू का यह निर्णय डिजिटल शिक्षा और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें