TRENDING NEWS
👉 8 वर्षों से भरोसे का नाम – अलर्ट भारत न्यूज़ पोर्टल | 6 वर्षों से जनसेवा में समर्पित अलर्ट भारत समाचार पत्र | भारत सरकार से पंजीकृत समाचार पत्र का RNI नं. RAJHIN/2021/86001 | निष्पक्ष, निर्भीक और विश्वसनीय पत्रकारिता का संकल्प | आपकी आवाज़, हमारी पहचान – अलर्ट भारत।

कांग्रेस में चुनावी घमासान के बीच बड़ा विवाद, अधिकृत सिंबल बदलने का आरोप; शहर व देहात अध्यक्ष समेत तीन पर केस

On: September 4, 2026 11:37 AM
हमें फॉलो करें:

Whatsapp Channel

Join Now

फेसबुक से जुड़े

Join Now

बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बीच कांग्रेस में प्रत्याशी और चुनाव चिन्ह को लेकर विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। वार्ड संख्या 50 से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मोहित अरोड़ा के पिता दीपक अरोड़ा की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और वार्ड प्रत्याशी नवरत्न डागा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक शिकायत में धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। मामले की जांच उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह को सौंपी गई है।
अधिकृत सूची को लेकर उठे सवाल
रामपुरा बस्ती निवासी दीपक अरोड़ा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र मोहित अरोड़ा ने वार्ड-50 से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था और चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया था। शिकायत के अनुसार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर से 30 अगस्त को बीकानेर नगर निगम चुनाव के अधिकृत प्रत्याशियों की सूची और चुनाव चिन्ह तैयार कर पार्टी प्रभारी बलकरण सिंह के माध्यम से शहर जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग को उपलब्ध करवाए गए थे। इसमें वार्ड-50 के लिए मोहित अरोड़ा का नाम और उनके लिए निर्धारित चुनाव चिन्ह शामिल होने का दावा किया गया है।
सिंबल बदलने का आरोप
दीपक अरोड़ा का आरोप है कि 31 अगस्त को पूर्व जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने संबंधित सूची और चुनाव चिन्ह देखने के बाद उन्हें इसकी जानकारी भी दी थी। इसके बावजूद बाद में मोहित अरोड़ा के नाम से जारी अधिकृत चुनाव चिन्ह को हटाकर नवरत्न डागा के नाम से दूसरा चुनाव चिन्ह तैयार कराया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस दस्तावेज को अधिकृत बताकर प्रशासन के समक्ष पेश किया गया और नवरत्न डागा के नामांकन पत्र के साथ भी संलग्न किया गया। परिवादी ने इसे अपने पुत्र की उम्मीदवारी को प्रभावित करने वाला कथित फर्जीवाड़ा बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दीपक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम से उनके पुत्र के चुनावी अधिकार प्रभावित हुए और परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा। उन्होंने मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें