बीकानेर। लोहावट के विकास अधिकारी नारायण सुथार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। वाहन से 8 लाख 14 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद होने के बाद एसीबी ने उनके आवास सहित अन्य ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की। इस दौरान करीब एक किलो सोने के बिस्किट, आभूषण, संपत्ति संबंधी दस्तावेज, रजिस्ट्रियां और अन्य महत्वपूर्ण कागजात मिलने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार एसीबी की टीम ने एएसपी आशीष कुमार के नेतृत्व में औचक चेकिंग के दौरान विकास अधिकारी की गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली थी। तलाशी में वाहन से 8.14 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई। इसके बाद एसीबी ने नकदी के स्रोत को लेकर अधिकारी से पूछताछ की। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए एसीबी टीम ने विकास अधिकारी के आवास सहित अन्य स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। सर्च के दौरान सोने के बिस्किट और आभूषणों के साथ संपत्ति से जुड़े दस्तावेज व रजिस्ट्रियां भी बरामद की गईं। एसीबी अधिकारियों द्वारा बरामद नकदी, सोने और दस्तावेजों के स्रोत तथा वित्तीय रिकॉर्ड से उनके संबंधों की जांच की जा रही है। कई दस्तावेजों को जांच के लिए जब्त किए जाने की भी जानकारी है। पूरी कार्रवाई एएसपी आशीष कुमार और डीवाईएसपी इंद्र कुमार के नेतृत्व में की जा रही है। एसीबी के अनुसार जांच अभी जारी है और बरामद सामग्री एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।







