बीकानेर। पर्यटन की दृष्टि से खास पहचान रखने वाले लालगढ़ रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कायाकल्प किया जा रहा है। करीब 18.70 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा होने की ओर है। स्टेशन अब हेरिटेज लुक के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित नजर आ रहा है। स्टेशन भवन के सुधार, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, दोपहिया व चौपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, बुकिंग ऑफिस और रिटायरिंग रूम में सुधार तथा नए टॉयलेट ब्लॉक्स का करीब 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
स्टेशन की खूबसूरती बढ़ाने के लिए एलईडी लाइटिंग और दीवारों पर आकर्षक आर्टवर्क किया गया है। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए उपयुक्त साइनेज भी लगाए गए हैं।
50 किलोवाट का सोलर प्लांट
स्टेशन की प्रकाश व्यवस्था में सुधार और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए करीब 22.50 लाख रुपये की लागत से 50 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है।
यात्री सूचना प्रणाली को भी आधुनिक बनाया गया है। इसके तहत कोच गाइडेंस डिस्प्ले, मल्टीलाइन और सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़ी एलईडी स्क्रीन और जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक लगाए गए हैं।
12 मीटर चौड़ा पैदल पुल भी तैयार
लालगढ़ स्टेशन पर करीब 7.02 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़े पैदल पुल का निर्माण भी किया जा रहा है। इसका करीब 92 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
रेलवे के अनुसार स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों का आवागमन आसान होगा और उन्हें आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही लालगढ़ स्टेशन के हेरिटेज स्वरूप और बेहतर सुविधाओं से पर्यटन, स्थानीय हस्तशिल्प एवं व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।
लालगढ़ स्टेशन का बदला रूप, हेरिटेज लुक के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं






