1 जून से राजस्थान में पेट्रोल पंप हड़ताल की चेतावनी, डीलर्स ने सरकार को लिखा पत्र
बीकानेर। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी बीच राजस्थान से बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने 1 जून 2026 से प्रदेशभर में हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
डीलर्स ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई है। इस संबंध में एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर समस्याओं के समाधान की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि लगातार पत्र और ईमेल भेजने के बावजूद प्रमुख शासन सचिव स्तर पर अब तक कोई बैठक आयोजित नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 1 जून 2026 से पहले सरकार और डीलर्स के बीच बैठक कर समाधान नहीं निकाला गया, तो प्रदेशभर के पेट्रोल पंप संचालक धरना-प्रदर्शन और हड़ताल करेंगे।
हड़ताल की स्थिति में प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
1 जून से राजस्थान में पेट्रोल पंप हड़ताल की चेतावनी, डीलर्स ने सरकार को लिखा पत्र





