बीकानेर: आवारा पशु से टकराई बाइक, 15 वर्षीय बालक की मौत
बीकानेर। शहर की सड़कों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं के कारण आए दिन हादसे हो रहे है, फिर भी नगर निगम और जिला प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। सिस्टम की अनदेखी और लापरवाही के चलते दुपहिया वाहन न केवल चोटिल हो रहे है बल्कि जान से भी हाथ धोना पड़ रहा है। एक ऐसा ही मामला व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां बाइक सवार सड़क पर घूम रहे निराश्रित पशु से जा टकराया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गई। बाइक सवार को गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा 26 मई की सुबह साढ़े छह बजे के आसपास जयपुर रोड़ स्थित सुभाष पेट्रोल पंप के पास हुआ। हादसे में नागौर हाल वृंदावन एनक्लेव बीकानेर निवासी रमजान (15) पुत्र श्याम खां की मौत हो गई। इस संबंध में मृतक के मामा बेगा खां निवासी नागौर ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
रिपोर्ट में बताया कि उसका भांजा रमजान (15) अपनी मोटरसाईकिल से अंबेडकर कॉलोनी से वृंदावन एनक्लेव की ओर जा रहा था। सुभाष पेट्रोल पंप जयपुर रोड़ पहुंचा तो अचानक सड़क पर एक आवारा पशु दौड़ता हुआ सामने आ गया। मोटरसाईकिल की गति नियंत्रित न हो पाने के कारण मोटरसाईकिल आवारा पशु से टकरा गई। हादसे में मोटरसाईकिल पर सवार रमजान दूर जाकर गिरा और उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। स्थानीय लोगों की मदद से रमजान को तुरंत नजदीक अस्पताल पीबीएम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रमजान को मृत घोषित कर दिया।





