नोखा में भीषण सड़क हादसा, तीन लोगों की मौत
बीकानेर। जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नोखा में नागौर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल व्यक्ति को तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बीकानेर निवासी बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।





