
बीकानेर: जिले में मासूम नाबालिग के साथ घर में दुष्कर्म, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

बीकानेर:बीकानेर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक नाबालिग मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. मंगलवार को भी पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी रही. वहीं पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल मुआयना भी करवाया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बीएल मीणा का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और पीड़िता का मेडिकल कराया गया है. आरोपी की तलाश के लिए अलग–अलग टीमों का गठन किया गया है. पीड़िता की मां ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घर में वो अपने देवर और बच्चों के साथ रहती है. करीब तीन दिन पहले जब वो मजदूरी के लिए गई, तो गांव के युवक जबरन गलत नीयत से घर में घुसा और उसकी बच्ची को जबरन उठाकर कमरे में ले गया और हाथ पांव बांध दिए. आरोप है कि उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया गया. आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा.
घटना के चलते मासूम घबरा गई और गुमसुम रहने लगी. घटना के बाद घर पहुंचे परिजनों ने जब इस बारे में बच्ची से बातचीत की, तो पूरा वाकया सामने आया. इसके बाद बच्ची की मां ने अगले दिन पुलिस में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई. पीड़िता की मां की रिपोर्ट के बाद तत्काल पुलिस हरकत में आई और मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल मुआयना कराया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. इस पूरे मामले में पुलिस ने मंगलवार को भी आरोपी की तलाश की ।






