श्रीगंगानगर। सादुलशहर में एक दर्दनाक हादसे में 10 साल के मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और मोहल्लेवासियों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार सादुलशहर के वार्ड नंबर-23 निवासी देवांश (10) घर के पास स्थित बाल भारती स्कूल परिसर में खेलने गया था। इसी दौरान वह स्कूल परिसर में लगे वाटर कूलर से पानी पीने गया। आरोप है कि वाटर कूलर में करंट आ रहा था, जिसकी चपेट में आने से देवांश अचेत होकर नीचे गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को संभाला और तत्काल सादुलशहर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद देवांश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद देर रात मृतक के परिजन और मोहल्ले के लोग सरकारी अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक की मां का आरोप है कि वाटर कूलर में करंट आने की शिकायत पहले भी स्कूल में की गई थी, लेकिन समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाती तो उनके बच्चे की जान बच सकती थी। परिजनों ने मामले की जांच करवाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
दर्दनाक हादसा: वाटर कूलर में आया करंट, 10 साल के मासूम की मौत









