बीकानेर। शहर में बेहतर और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बीकानेर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई लिमिटेड (बीकेईएसएल) की ओर से विद्युत तंत्र को मजबूत करने के साथ करंट लगने की घटनाओं को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। ट्रांसफारमरों के चारों ओर फेंसिंग लगाने और लोहे के पोल को विशेष पाइप लगाकर सुरक्षित करने का काम किया जा रहा है।
बीकेईएसएल के सीओओ हरीश चन्द्र सिंह ने बताया कि शहर में ट्रांसफारमरों के चारों ओर आकर्षक प्रीकास्ट फेंसिंग लगाने का कार्य तेजी से जारी है। अब तक 40 ट्रांसफारमरों पर फेंसिंग लगाई जा चुकी है, जबकि करीब 60 और ट्रांसफारमरों पर फेंसिंग लगाई जानी है। वहीं करीब 100 ट्रांसफारमरों की पुरानी फेंसिंग की मरम्मत भी करवाई जा रही है, जिसमें अब तक 27 फेंसिंग की मरम्मत पूरी हो चुकी है।
3 हजार लोहे के पोल किए सुरक्षित
लोहे के पोल से करंट लगने के खतरे को देखते हुए बीकेईएसएल ने विशेष रूप से तैयार पाइप लगाकर पोल को सुरक्षित करने की पहल की है। इस साल करीब 500 पोल में पाइप लगाए गए हैं, जबकि अब तक करीब 3 हजार लोहे के पोल को सुरक्षित किया जा चुका है।
बरसात के दौरान इन सुरक्षित किए गए पोल की जांच भी की जा रही है। जांच के बाद पोल को और प्रभावी तरीके से सुरक्षित करने के लिए आईआईटी जोधपुर के विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान करंट लगने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
उपभोक्ताओं की समस्याओं के लिए कस्टमर केयर सेंटर
बीकेईएसएल ने उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पब्लिक पार्क में कस्टमर केयर सेंटर भी शुरू किया है। उपभोक्ता यहां सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।
बीकानेर में विद्युत तंत्र को सुरक्षित बनाने में जुटी बीकेईएसएल, ट्रांसफारमर और पोल होंगे ज्यादा सुरक्षित










