विश्वेंद्र सिंह का कांग्रेस को अलविदा, डोटासरा पर निशाना साधने के बाद लिया बड़ा फैसला
जयपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के खिलाफ लगातार बयानबाजी के बाद पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया है। पार्टी की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश किए जाने के बीच विश्वेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खुद ही कांग्रेस से अलग होने की घोषणा कर दी।
विश्वेंद्र सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनका सार्वजनिक जीवन “खुली किताब और बेदाग” रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने दामन पर कभी दाग नहीं लगने दिया और आगे भी नहीं लगने देंगे।
उन्होंने लिखा, “ऐसी परिस्थिति में दम घुटने से मरने के बजाय स्वाभिमान की मौत मरना बेहतर है।” साथ ही अपने पुरखों का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कभी ऐसी परिस्थितियों से समझौता नहीं किया और उन्हीं का अनुसरण करते हुए कांग्रेस को अलविदा कहना बेहतर समझते हैं।
विश्वेंद्र सिंह ने आगे लिखा कि वे अब पार्टी की “गलत रीति-नीति” के साथ कदमताल नहीं कर पाएंगे।
डोटासरा के खिलाफ उनके लगातार बयानों के बाद प्रदेश कांग्रेस ने उनके विरुद्ध कार्रवाई की सिफारिश की थी। हालांकि, पार्टी की ओर से कोई अंतिम फैसला होने से पहले ही विश्वेंद्र सिंह ने स्वयं कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया।












