बीकानेर: बंद मकान में सेंधमारी, चोरों ने 10 ताले तोड़े और सामान किया पार
बीकानेर। बंद मकान में सेंधमारी कर लाखों के गहने व घरेलू सामान चोरी कर ले जाने का मामला सामने आयी है। घटना नोखा के रासीसर पुरोहितान बास की है। इस सम्बंध में रासीसर पुरोहितान बास निवासी गिरधारी सिंह पुत्र लक्ष्मीनारायण सिंह ने मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि उनका गांव में पुश्तैनी मकान है और वह बंद था। वह परिवार सहित चितौडग़ढ़ में रहते हैं।
16 मई को पड़ौसी भैरदास साध ने उसके भाई को फोन कर बताया कि मकान के ताले टूटे हैं। सूचना पर गिरधारी सिंह मौके पर पहुंचे तो देखा कि मकान और संदूकों के ताले टूटे थे। घर से चांदी की पायजेब व सिक्के, सोने का झुमरा जाड़ा व बिंदी, पानी की मोटर, पंखे, दो गैस सिलेंडर, बिलोना मशीन, गैस चूल्हा और एक इलेक्ट्रिक चूल्हा चोरी हो गए थे। चोरों ने कुल 10 ताले तोड़े। चोरों ने घर में खड़ी बाइक चोरी करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह स्टार्ट नहीं हुई।
चोरी की रिपोर्ट 18 मई को थाने में दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वे वापस चित्तौडग़ढ़ चले गए। 4 जून को पड़ौसी ने फिर से फोन कर बताया कि मकान के मुख्य गेट का कुंडा टूटा है। उसने आकर मकान संभाला तो सामान बिखरा पड़ा था। रिपोर्ट में दो-तीन लोगों पर चोरी का आरोप भी लगाया है। पुलिस मामला दर्ज कर चोरों की शिनाख्ती के प्रयास कर रही है।







