
खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचला, महिला की मौत, दो घायल

सीकर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 पर स्थित सरगोठ के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. खाटूश्यामजी के दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी. हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक परिवार कार में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए आ रहा था. यात्रा के दौरान सरगोठ के पास परिवार ने टॉयलेट के लिए अपनी कार सड़क किनारे रोक दी. इसी दौरान कार से नीचे उतरे श्रद्धालु सड़क किनारे खड़े थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक पिकअप वाहन ने कार को पीछे से टक्कर मारी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. _-राजाराम, थाना अधिकारी._










