फैली अफवाह तो ट्रेन से उतरकर भागे यात्री, बीकानेर की महिला सहित चार की मौत

आज मध्यप्रदेश के मुरैना में हुए ट्रेन हादसे में बीकानेर की भी एक महिला की मौत हो गयी। इस हादसे में एक महिला सहित चार की मौत हुई है। जानकारी के अनुसार मोबाइल ब्लास्ट से आग लगने की अफवाह के बाद उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से यात्री घबराकर नीचे उतरे और इस दौरान दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। जिसमें महाजन क्षेत्र की रहने वाली एक महिला की मौत हुई है।
हादसा झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर हुआ। गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार शाम करीब 4:15 बजे हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच हुआ। रेलवे के अनुसार, कोच में अलार्म चेन पुलिंग की गई थी, जिसके कारण ट्रेन बीच सेक्शन में रुक गई। इसी दौरान ट्रेन के एक कोच में मोबाइल ब्लास्ट जैसी अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्रियों ने जल्दबाजी में ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरे कुछ यात्री पास की अप लाइन पर पहुंच गए। इसी दौरान गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से तेज रफ्तार में गुजर रही थी। ट्रैक पर मौजूद 4 यात्री उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।










