बीकानेर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 600 लीटर स्प्रिट बरामद की है। विभागीय टीम ने जैतपुर गांव में जमीन में छिपाकर रखे तीन ड्रमों को बरामद किया, जिनमें करीब 200-200 लीटर स्प्रिट भरी हुई थी। जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार को महाजन थाना क्षेत्र में अर्जुनसर-पल्लू मार्ग के किनारे बने कमरों के पीछे सरहद जैतपुर में दबिश दी। तलाशी के दौरान जमीन में छिपाए गए तीन ड्रम मिले। जांच करने पर इनमें कुल 600 लीटर स्प्रिट बरामद हुई। मामले में आबकारी थाना लूणकरणसर में राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 16/54 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है। कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी, आबकारी निरीक्षक सरिता भार्गव सहित खाजूवाला, बीकानेर ग्रामीण और लूणकरणसर की आबकारी टीम शामिल रही।
आबकारी विभाग की दबिश, जमीन में छिपाकर रखी थी 600 लीटर स्प्रिट












